जामताड़ा में सड़ी-गली अवस्था में मिला अज्ञात शव, इलाके में फैली सनसनी




रियल मोशन न्यूज़ रिपोर्टर: साजिद अंसारी करमाटांड 

जामताड़ा जिले के करमाटांड थाना क्षेत्र अंतर्गत कालाझरिया के समीप जामुनतर गांव में सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर आसपास के क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह जामुनतर गांव के समीप अचानक तेज दुर्गंध फैलने लगी। दुर्गंध आने पर स्थानीय ग्रामीण आसपास के क्षेत्र में पहुंचे, जहां झाड़ियों के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना करमाटांड थाना पुलिस को दी।


सूचना मिलते ही करमाटांड थाना प्रभारी विकास कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है।
स्थानीय ग्रामीणों एवं राहगीरों का कहना है कि शव की स्थिति को देखते हुए व्यक्ति की मौत करीब चार से पांच दिन पहले हुई होने की आशंका है। हालांकि, शव आखिर कब से घटनास्थल पर पड़ा था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

 रियल मोशन न्यूज़ संपादक: सिराज अंसारी जामताड़ा

Comments