रियल मोशन न्यूज़ रिपोर्टर: सिराज अंसारी
जामताड़ा। जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता, तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार
जामताड़ा, 19 जून 2026। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 09 मोबाइल फोन और 22 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपाईडीह और शेखपुरा के बीच स्थित जंगल में छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इसके बाद करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी मैदान के निकट खजूर पेड़ के नीचे चल रही साइबर ठगी के अड्डे पर छापेमारी कर एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में नवाडीह निवासी सनातन दास (30 वर्ष), पसोई निवासी नितेश दास (22 वर्ष) तथा लोहरबंधा निवासी सिराज अंसारी (26 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी जामताड़ा जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सनातन दास और नितेश दास कथित रूप से यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (कस्टमर केयर) के स्थान पर गूगल प्लेटफॉर्म पर अपना फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड कर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करते थे। वहीं सिराज अंसारी पर आरोप है कि वह खुद को बैंक अधिकारी बताकर विभिन्न बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने अथवा नया कार्ड जारी कराने के नाम पर लोगों से गोपनीय बैंकिंग जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी करता था।
इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 36/26, दिनांक 18 जून 2026 दर्ज कर विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी अभियान में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक हीरालाल महतो तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

Comments
Post a Comment