रियल मोशन न्यूज़ रिपोर्टर: मोहम्मद रियाज
संपादक सिराज अंसारी जामताड़ा
जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के चरकपानी गांव निवासी जड़ी-बूटी व्यवसायी मोहम्मद शाहजहान शेख (पिता- मोहम्मद सोहराब शेख) की देवघर जिले के भातुपुर गांव में वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है तथा पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मद शाहजहान शेख जड़ी-बूटी का व्यवसाय करते थे। बुधवार पूर्वाह्न करीब 10:30 बजे वह अपने काम से निकले हुए थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। बचाव के लिए वह एक निर्माणाधीन मकान में चले गए, लेकिन इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गए। वज्रपात इतना तेज था कि उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा गया।
परिवार पर टूटा संकट का पहाड़
मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी रुबैदा बीबी समेत छह बच्चे हैं, जिनमें चार बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। बताया जाता है कि सबसे बड़ा बेटा दिव्यांग है। ऐसे में परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक पर कुछ कर्ज भी था। अब उनकी असामयिक मृत्यु के बाद परिवार पर आर्थिक बोझ और बढ़ गया है। पत्नी एवं बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुआवजे और सहायता की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों एवं परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए विशेष सहायता, बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था तथा कर्ज माफी की भी मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन की ओर से सहायता नहीं मिली तो परिवार के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो सकता है।




Comments
Post a Comment