जामताड़ा: नगर पंचायत अध्यक्षा आशा गुप्ता के नेतृत्व में सोमवार को शहर में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अध्यक्षा ने नगर क्षेत्र के विभिन्न बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का भ्रमण कर दुकानदारों एवं आम लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।
अभियान के तहत मछली बाजार, सब्जी बाजार तथा सड़कों के किनारे लगने वाली दुकानों में पहुंचकर अध्यक्षा ने दुकानदारों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जामताड़ा को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाने के लिए सभी नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है। यदि प्रत्येक दुकानदार अपने दुकान और उसके आसपास की सफाई का ध्यान रखेगा, तो पूरा शहर साफ-सुथरा दिखाई देगा।
अध्यक्षा ने स्पष्ट रूप से कहा कि कई स्थानों पर दुकानदार अपने दुकान के सामने ही कचरा फेंक देते हैं, जिससे गंदगी फैलती है। विशेषकर सब्जी बाजार में खुले में पड़े कचरे पर मक्खियां बैठती हैं, जो सब्जियों पर भी पहुंच जाती हैं। इससे ग्राहकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है।
उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिया कि कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी दुकान के सामने कचरे का ढेर पाया गया तो संबंधित दुकानदार पर नगर पंचायत की ओर से जुर्माना लगाया जाएगा।
अध्यक्षा ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सभी के सहयोग से ही जामताड़ा को स्वच्छ और आदर्श नगर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर नगर पंचायत के सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाई।




Comments
Post a Comment