रियल मोशन न्यूज़ रिपोर्टर: सिराज अंसारी जामताड़ा
जामताड़ा: जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करमाटांड़ थाना क्षेत्र के तेतुलबंधा गांव स्थित सुनसान पलाश एवं पुटूश की झाड़ियों में चल रहे साइबर ठगी के अड्डे पर छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तेतुलबंधा स्थित झाड़ी नुमा सुनसान क्षेत्र में छापेमारी की, जहां साइबर अपराध को अंजाम देते हुए तीन अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में महेंद्र कुमार मंडल (पिता अरुण मंडल), टिंकु कुमार मंडल (पिता रामू मंडल) तथा विकास कुमार मंडल (पिता स्वर्गीय लालमोहन मंडल) शामिल हैं। तीनों आरोपी धरूवाडीह गांव, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड बंद होने, नया कार्ड जारी कराने तथा गूगल पर विभिन्न कंपनियों और बैंकों के फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर लोगों को झांसे में लेते थे। इसके बाद वे पीड़ितों से एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करवाकर क्रेडिट कार्ड एवं बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारियां हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 34/26 दिनांक 08 जून 2026 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी महेंद्र कुमार मंडल पूर्व में भी साइबर अपराध थाना जामताड़ा कांड संख्या 62/21 में आरोप पत्रित रह चुका है।
पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था। जामताड़ा पुलिस लगातार साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। वर्ष 2026 में जनवरी से अब तक कुल 75 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।

Comments
Post a Comment