विक्रमपुर गांव की सड़क जर्जर, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
रियल मोशन न्यूज़ रिपोर्टर: प्रियंका चक्रवर्ती
जामताड़ा। कुंडहित प्रखंड के विक्रमपुर गांव की मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की जर्जर हालत से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और लोगों का सफर जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क खराब होने से स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और दैनिक मजदूरों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में दिक्कत होती है, वहीं आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।


Comments
Post a Comment