रियल मोशन न्यूज़ रिपोर्टर: सिराज अंसारी जामताड़ा
जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड में अहम सफलता; फरार साथियों की तलाश में छापेमारी तेज
जामताड़ा। पुलिस अधीक्षक जामताड़ा शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर गठित एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फतेहपुर थाना क्षेत्र में एक कुख्यात अपराधी को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी ने पूछताछ के दौरान फतेहपुर स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड समेत कई गंभीर आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक अपराधी लाल रंग की मोटरसाइकिल से बीचकोड़ा, फतेहपुर की ओर से दुमका जा रहा है। सूचना के आधार पर एसआईटी टीम ने बनगढ़ी पुल के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान सुबह करीब 9:40 बजे एक व्यक्ति लाल रंग की मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान फिरोज अंसारी (पिता- सिकंदर अंसारी), निवासी तुलसडाबर, थाना चितरा, जिला देवघर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इस संबंध में फतेहपुर थाना कांड संख्या 21/26, दिनांक 08 जून 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड से जुड़ा मिला सुराग
पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 की रात फतेहपुर बाजार में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी अमरजीत वर्मण से हथियार के बल पर नकदी एवं सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूट लिया था। इस मामले में फतेहपुर थाना कांड संख्या 18/26 दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार फिरोज अंसारी से पूछताछ के दौरान उक्त लूटकांड में उसकी भूमिका से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की योजना और उसमें अपनी सहभागिता की बात स्वीकार की है।
18 संगीन मामलों में संलिप्तता कबूल
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने फतेहपुर लूटकांड के अलावा देवघर, दुमका और जामताड़ा जिलों में हुई लगभग 18 आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनमें लूट, डकैती, अपहरण और हत्या जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई संगीन मामले दर्ज हैं और उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है।
फरार अपराधियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि इस कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही है। शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तार अभियुक्त:
फिरोज अंसारी, पिता- सिकंदर अंसारी, निवासी तुलसडाबर, थाना चितरा, जिला देवघर।

Comments
Post a Comment