रियल मोशन न्यूज़ रिपोर्टर : सिराज अंसारी जामताड़ा
जामताड़ा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति की ओर से रविवार को जामताड़ा जिला परिषद कार्यालय में एसएआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रशिक्षण एवं बूथ कमेटी सम्मेलन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने की। बैठक में आगामी 11 जून 2026 को आयोजित होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने तथा एसएआर कार्यक्रम को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान जिला कमेटी, केंद्रीय समिति, प्रखंड एवं नगर इकाइयों के पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती, बूथ कमेटियों की सक्रियता और प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा पर अपने-अपने सुझाव रखे। जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि एस आई आर कार्यक्रम संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। झामुमो नेता एवं जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार मंडल ने कहा कि एसएआर प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक क्षमता को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि बूथ कमेटियों की सक्रिय भागीदारी से पार्टी को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूती मिलेगी। बैठक में जानकारी दी गई कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद पांडे आगामी 11 जून को आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर तैयारियों एवं विभिन्न जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में जिला उपाध्यक्ष रविंद्र नाथ दुबे, जिला उपाध्यक्ष प्रो. कैलाश प्रसाद, जिला सचिव परेश यादव, जिला उपाध्यक्ष इम्तियाज अंसारी, केंद्रीय समिति सदस्य आनंद टुडू, केंद्रीय समिति सदस्य बासुदेव मरांडी, केंद्रीय समिति सदस्य लालू अंसारी, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष सगीर खान, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मेरी मरांडी सहित छह प्रखंडों के प्रखंड अध्यक्ष एवं सचिव तथा दो नगर इकाइयों के अध्यक्ष एवं सचिव मौजूद रहे।



Comments
Post a Comment