जामताड़ा से इस वक्त की बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आ रही है। नारायणपुर थाना क्षेत्र के जदुडीह गांव के पास एक
भीषण सड़क हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
वॉयस ओवर:
मामला शनिवार शाम करीब 5:30 बजे का है। जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार चार लोग मुरली पहाड़ी से घूमकर और नाश्ता कर अपने घर सहरपुर लौट रहे थे। इसी दौरान जदुडीह गांव के समीप नारायणपुर से गिरिडीह की ओर जा रहे एक ट्रक से उनकी स्कॉर्पियो की सीधी भिड़ंत हो गई।
हादसे में सद्दाम हुसैन, वसीम भट्ट और आशिक हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया।
पुलिस अपडेट:
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
एंकर क्लोजिंग:
फिलहाल तीनों घायलों का इलाज धनबाद में चल रहा है। रियल मोशन न्यूज़ की टीम इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। जैसे ही कोई नया अपडेट सामने आएगा, हम आपको सबसे पहले जानकारी देंगे।

Comments
Post a Comment