जामताड़ा। फतेहपुर प्रखंड की धंसनियां पंचायत में शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनंत कुमार ने विभिन्न विकास योजनाओं एवं सरकारी संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दुमदुमी टोला के डांगराटोला में ग्रामीणों ने पेयजल संकट की समस्या रखी। जांच में कई घरों में जलापूर्ति योजना के तहत हाउस कनेक्शन नहीं मिलने की बात सामने आई, जिस पर एसडीओ ने संबंधित विभाग को तत्काल पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
रूपडीह गांव में आम बागवानी योजना के निरीक्षण के दौरान जल संग्रहण गड्ढा मानक के अनुरूप नहीं पाया गया तथा पौधों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों को योजना में सुधार के निर्देश दिए गए। तांबाजोड़ आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-1 में बच्चों की शैक्षणिक जानकारी की जांच की गई, जहां व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। वहीं केंद्र संख्या-2 का भवन जर्जर मिलने पर मरम्मत की पहल करने का निर्देश दिया गया।
एसडीओ ने तांबाजोड़ मध्य विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण कर पहुंच पथ बनाने का निर्देश दिया। इसके अलावा अबुआ आवास योजना के लाभुकों के आवास और धोतला गांव स्थित पीडीएस दुकान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डीलर को आवंटन प्राप्त होने पर सतर्कता समिति को अनिवार्य रूप से सूचना देने का निर्देश दिया। मौके पर प्रखंड प्रमुख अरविंद कुमार मुर्मू, बीडीओ प्रेम कुमार दास, मुखिया प्रतिमा मरांडी समेत कई अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।

Comments
Post a Comment