गांव के एकजुट प्रयास से नूरी मस्जिद के छत ढलाई का कार्य संपन्न



 धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशियारा गांव में नूरी मस्जिद के छत की ढलाई का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस छोटे से गांव में मस्जिद की कमी के कारण लोगों को नमाज अदा करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। लेकिन गांव के लोगों की एकजुटता और सामूहिक प्रयासों ने इस समस्या का समाधान कर दिखाया है। गौरतलब है कि कुशियारा गांव में मात्र 30 घर हैं, इसके बावजूद सभी ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और समझौते के साथ मस्जिद के निर्माण का निर्णय लिया। मस्जिद के निर्माण कार्य में सभी परिवारों ने तन, मन और धन से सहयोग दिया, जिससे यह कार्य एक मिसाल बन गया। ग्रामीणों ने बताया कि मस्जिद का निर्माण उनके लिए केवल एक इबादतगाह नहीं बल्कि एकता और भाईचारे का प्रतीक भी है। मस्जिद निर्माण में जिस प्रकार का आपसी सहयोग और समर्पण दिखाया गया, वह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है। मस्जिद निर्माण को लेकर गांव में खुशी का माहौल है और लोग इस प्रयास पर गर्व महसूस कर रहे हैं। सभी का मानना है कि यह मस्जिद आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एकता और धार्मिक सद्भावना का प्रतीक बनी रहेगी।

Comments