जामताड़ा में युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने दो अपराधियों को किया गिरफ्तार

 जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में 30 जनवरी की रात हुई गोलीकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मृतक के पिता राजेश कुमार सिंह के लिखित आवेदन के आधार पर मिहिजाम थाना में विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या 10/25, दिनांक 01.02.2025 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जामताड़ा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में प्रयुक्त स्कूटी को बरामद किया, जिसे अपराधियों ने घटना के बाद छिपा दिया था।


हत्या के पीछे साजिश और 3 लाख रुपये का सौदा


गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया कि उन्हें इस हत्या को अंजाम देने के लिए 3 लाख रुपये का प्रलोभन दिया गया था। आरोपियों ने साजिश के तहत राहुल कुमार सिंह उर्फ लेफ्टी को कानगोई फाटक से करीब 100 मीटर की दूरी पर हासीपहाड़ी जाने वाले रास्ते के पास गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।


गिरफ्तार अपराधियों की पहचान


1. रणविजय सिंह - ग्राम अल्लाडीह, थाना डाबर मोड़ (रूपनारायणपुर), जिला पश्चिम बर्धमान (प. बंगाल)।



2. राजेश कुमार साव - निवासी कुर्मीपाड़ा पाइपलाइन, थाना मिहिजाम, जिला जामताड़ा।




पुलिस ने बरामद किए हथियार और मोबाइल


गिरफ्तार आरोपी राजेश कुमार साव की निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा मृतक की स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।


गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास


रणविजय सिंह पूर्व में भी हत्या के मामले में चितरंजन थाना कांड संख्या 22/2020 के तहत जेल जा चुका है।


पुलिस की विशेष टीम ने की कार्रवाई


इस छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी, नगर प्रभाग के पुलिस निरीक्षक रविंद्र नाथ यादव, मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे, पुलिस अवर निरीक्षक गुलशन कुमार सिंह, बृजन राम, सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार, आरक्षी संतोष कुमार सिंह (तकनीकी शाखा) और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


(रिपोर्ट: रियल मोशन न्यूज़) सिराज अंसारी 






Comments